cbamazon
उत्तर प्रदेश

फैमिली आईडी की धीमी प्रगति पर डीएम नाराज, बीडीओ का वेतन रोकने के निर्देश

फैमिली आईडी की धीमी प्रगति पर डीएम नाराज, बीडीओ का वेतन रोकने के निर्देश

एक सप्ताह में सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ होगी प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई, विकास कार्य समयसीमा में पूरे कराने के निर्देश

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

मेरठ। विकास भवन सभागार में शुक्रवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह की अध्यक्षता में विकास एवं निर्माण कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक हुई। बैठक में विकास योजनाओं और निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए डीएम ने अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने और निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ काम पूरा कराने के निर्देश दिए।

फैमिली आईडी की समीक्षा के दौरान धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने बीडीओ द्वारा अपेक्षित रुचि नहीं लिए जाने पर अग्रिम आदेशों तक वेतन बाधित करने के निर्देश दिए। कृषि, प्रोबेशन, स्वास्थ्य, समाज कल्याण और श्रम विभाग के अधिकारियों को भी चेतावनी दी गई। डीएम ने एक सप्ताह में फैमिली आईडी की प्रगति में अपेक्षित सुधार लाने के निर्देश दिए। सुधार नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ प्रतिकूल प्रविष्टि की कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी और जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी को फैमिली आईडी की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए।

खराब रैंकिंग वाले विभागों को चेतावनी

सीएम डैशबोर्ड पर विकास कार्यों और योजनाओं की समीक्षा के दौरान खराब प्रगति वाले विभागों के प्रति भी डीएम ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को अपनी विभागीय रैंकिंग में सुधार लाने के निर्देश दिए। कहा कि किसी एक विभाग का खराब प्रदर्शन जिले की समग्र रैंकिंग को प्रभावित करता है। सभी अधिकारी अपने विभागीय लक्ष्यों की नियमित समीक्षा करें। अपेक्षित सुधार नहीं होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर जोर

डीएम ने निर्माणाधीन परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परियोजनाओं की नियमित निगरानी की जाए और हैंडओवर से पहले गुणवत्ता एवं पूर्णता की जांच कराई जाए।

धीमी गति वाली परियोजनाओं में लक्ष्य के अनुसार कार्य में तेजी लाने और लंबित कार्यों को समय से पूरा कराने के निर्देश दिए गए। बजट की आवश्यकता होने पर समय से पत्र भेजने को भी कहा गया।

गौशालाओं और पीएमजीएसवाई की भी समीक्षा

जिलाधिकारी ने गौशालाओं का नियमित निरीक्षण कराने, पीएमजीएसवाई के तहत शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने और विकास कार्यों की मुख्य विकास अधिकारी के स्तर से लगातार निगरानी कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यों के क्रियान्वयन में आ रही समस्याओं का तत्काल समाधान कराया जाए।

बैठक में निर्माणाधीन परियोजनाओं, पेंशन योजनाओं, सड़क निर्माण, जल जीवन मिशन, विभागीय बजट व्यय, सीएम ग्रिड, ऑपरेशन कायाकल्प, मॉडल स्कूल, पोषण, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, दिव्यांगजन, कृषि, बाल कल्याण और पंचायती राज विभाग की योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल, सीएमओ डॉ. राम प्रसाद, पीडी डीआरडीए सुनील कुमार सिंह, जिला सूचना अधिकारी सुमित कुमार, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी धर्मवीर सिंह, डीपीआरओ वीरेंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, जिला कृषि अधिकारी राजीव कुमार, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी शैलेश रॉय, पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता सतेंद्र सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेश कुमार गुप्ता, समस्त बीडीओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।