cbamazon
उत्तर प्रदेश

रास्ते में भैंस बांधने के विरोध पर मारपीट और फायरिंग का आरोप

रास्ते में भैंस बांधने के विरोध पर मारपीट और फायरिंग का आरोप

नाहली गांव में घर में घुसकर हमला करने का आरोप, चार लोग घायल; पुलिस से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग

 

सरधना।थाना क्षेत्र के नाहली गांव में रास्ते में भैंस बांधने के विरोध पर मारपीट और फायरिंग करने का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने गांव के कुछ लोगों पर घर में घुसकर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। घटना में चार लोगों के घायल होने की बात कही गई है।

शिकायत के अनुसार, सोमवार सुबह कुछ लोग लाठी-डंडे, लोहे की रॉड और तमंचे लेकर पीड़ित के भाई के घर पहुंच गए। आरोप है कि उन्होंने रास्ते में भैंस बांधने और रास्ता बंद करने की बात कही। विरोध करने पर आरोपियों ने विजनपाल, प्रियांशु, शेखर और संगीता के साथ मारपीट की।

पीड़ित पक्ष का आरोप है कि इस दौरान एक आरोपी ने हथियार से फायरिंग भी की, जिसमें परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव किया। आरोप है कि जाते समय हमलावरों ने दोबारा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी।घटना के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है। शिकायतकर्ता ने थाना सरधना पुलिस से आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने और परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।