बुलंद संदेश ब्यूरो
शिकारपुर। नगर पालिका परिषद शिकारपुर के कार्यालय स्थित मीटिंग हॉल में शनिवार को अध्यक्ष राजबाला सैनी की अध्यक्षता में बोर्ड बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर विकास और जनहित से जुड़े तीन महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा के बाद उन्हें सर्वसम्मति से पारित किया गया।
बैठक में सबसे पहले आगामी समय में श्री रामलीला कार्यक्रम के आयोजन संबंधी प्रस्ताव को मंजूरी दी गई। इसके बाद नगर में विकास कार्यों के लिए 27 मई, 3 जून एवं 6 जून 2026 को आमंत्रित निविदाओं के क्रम में प्राप्त निविदाओं पर विचार-विमर्श कर प्रस्ताव पारित किया गया।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश शासन के नगर विकास अनुभाग-9 के शासनादेश दिनांक 20 जुलाई 2026 के अनुपालन में नगर पालिका क्षेत्र में लंबित संपत्ति कर (गृहकर, जलकर एवं सीवरकर) की वसूली के लिए एकमुश्त समाधान योजना (OTS) लागू करने के प्रस्ताव को भी सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई।
बैठक में सभासदों एवं नामित सदस्यों ने विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव भी रखे। सभी प्रस्तावों को बोर्ड द्वारा सर्वसम्मति से पारित किए जाने के बाद बैठक का समापन हुआ।
बैठक में सदस्य बेबी देवी, संतोष देवी, पुष्पा देवी, किरन देवी, फेमिदा बेगम, मधु, शमीम फात्मा, संगीता गर्ग, बृजरानी, आस मोहम्मद, विनय कुमार, गौतम सूर्यवंशी, मुजीबुर्रहमान, उदयवीर, अनवार, राजेंद्र सिंह लोधी, सुहैल, सूर्यकांत, मोहम्मद अरशद, शाहिद अंसारी, इफ्तिखार अंसारी, कपिल कुमार आर्य एवं योगेंद्र माहौर सहित नामित सभासद लक्ष्मी लोधी, नैम सिंह, गगन शर्मा, प्रशांत विश्वास और लविश तौमर उपस्थित रहे। इसके अलावा अधिशासी अधिकारी नीतू सिंह, मोहम्मद कासिम एवं नितिन सैनी (वरिष्ठ लिपिक/आयकर सहायक) भी बैठक में मौजूद रहे।


