cbamazon
उत्तर प्रदेश

सुनीता चौधरी की आठवीं पुण्यतिथि पर यज्ञ-हवन और पौधरोपण

सुनीता चौधरी की आठवीं पुण्यतिथि पर यज्ञ-हवन और पौधरोपण

वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हुआ हवन, ‘मां के नाम से’ अभियान के तहत लगाए फलदार पौधे

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

सरधना। सरधना-दौराला रोड स्थित बेगमाबाद के रेड रोज पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को विद्यालय की संस्थापिका स्वर्गीय सुनीता चौधरी की आठवीं पुण्यतिथि श्रद्धाभाव के साथ मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में यज्ञ-हवन, श्रद्धांजलि सभा और वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। विद्यालय परिवार, छात्र-छात्राओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम का शुभारंभ यज्ञ-हवन से हुआ। आचार्य हेम सागर पंडित ने वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ विधि-विधानपूर्वक हवन संपन्न कराया। विद्यालय परिवार और उपस्थित लोगों ने यज्ञ में आहुति देकर स्वर्गीय सुनीता चौधरी की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी स्मृति को चिरस्थायी बनाने के लिए विद्यालय परिसर में ‘मां के नाम से’ वृक्षारोपण अभियान चलाया गया। इस दौरान फलदार पौधे लगाए गए। विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि ये पौधे आने वाली पीढ़ियों को पर्यावरण संरक्षण और हरियाली का संदेश देंगे।

विद्यालय प्रबंधक रमनदीप चौधरी ने कहा कि स्वर्गीय सुनीता चौधरी का सपना ग्रामीण क्षेत्रों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना था। वह चाहती थीं कि गांवों की प्रतिभाओं को बेहतर शिक्षा और उचित अवसर मिलें। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए लगातार प्रयास करता रहेगा और गरीब व मेधावी विद्यार्थियों की शिक्षा में सहयोग किया जाएगा।

विद्यालय अध्यक्ष प्रमोद तरार ने कहा कि सुनीता चौधरी ने शिक्षा के माध्यम से समाजसेवा को अपना उद्देश्य बनाया था। ग्रामीण क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार के लिए उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।

इस दौरान उपस्थित लोगों ने स्वर्गीय सुनीता चौधरी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।कार्यक्रम में छवि चौधरी, जेपी दीपक, पंकज कुमार, विकास चांदना, ऋषभ जैन, अरविंद कुमार, अश्वनी गोस्वामी, प्रदीप, सायरा अहमद, रिया शर्मा, सुषमा सहित विद्यालय परिवार के सदस्य, छात्र-छात्राएं और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।