बुलन्द संदेश/मौहम्मद अब्बास
सम्भल। शंकर भूषण शरण जनता इंटर कॉलेज, सम्भल के प्रधानाचार्य एवं स्काउट प्रभारी मुकेश शर्मा के नेतृत्व में सोमवार को प्रथम सावन सोमवार के अवसर पर स्काउट छात्रों ने सराय तरीन स्थित पातालेश्वर मंदिर में श्रद्धालुओं की सेवा कर सामाजिक उत्तरदायित्व का परिचय दिया।
मंदिर परिसर में स्काउट छात्रों ने श्रद्धालुओं की सहायता करने, भीड़ को व्यवस्थित रखने तथा सुचारु व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग किया। उनकी सेवा भावना और अनुशासन की उपस्थित श्रद्धालुओं ने भी सराहना की।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य एवं स्काउट प्रभारी मुकेश शर्मा ने छात्रों को सेवा, सद्भाव और मानवता के महत्व पर प्रेरित करते हुए कहा कि स्काउट आंदोलन का मूल उद्देश्य युवाओं में समाज सेवा, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना है।
प्रथम सावन सोमवार पर पातालेश्वर मंदिर में भगवान शिव के दर्शन एवं जलाभिषेक के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। विद्यालय परिवार ने स्काउट छात्रों के इस सेवा कार्य को विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास तथा सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायक पहल बताया।


