स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत गोल्डन पब्लिक स्कूल की छात्राओं को कचरा प्रबंधन की जानकारी देकर गीले-सूखे कचरे को अलग रखने के लिए किया जागरूक
संवाददाता जावेद अब्बासी
सरधना। स्वच्छता ही सेवा-2026 अभियान के तहत गुरुवार को नगर पालिका की ओर से गोल्डन पब्लिक स्कूल की छात्राओं को मैटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) सेंटर का शैक्षिक भ्रमण कराया गया। अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला के निर्देशन में छात्राओं को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की जानकारी दी गई।
भ्रमण के दौरान स्वच्छ भारत मिशन की टीम ने छात्राओं को बताया कि नगर के विभिन्न वार्डों और मोहल्लों से डोर-टू-डोर कूड़ा एकत्र कर एमआरएफ सेंटर लाया जाता है। यहां कचरे की छंटाई कर उपयोगी और पुनर्चक्रण योग्य सामग्री अलग की जाती है। छात्राओं को पूरी प्रक्रिया मौके पर दिखाकर समझाई गई।उन्हें गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कचरा इधर-उधर न डालने और घर से ही कचरे का पृथक्करण करने के लिए जागरूक किया गया।ईओ दीपिका शुक्ला ने कहा कि विद्यार्थियों को स्वच्छता और कचरा प्रबंधन की व्यावहारिक जानकारी देना महत्वपूर्ण है। बच्चों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश परिवार और समाज तक पहुंचाया जा सकता है। नगर पालिका की ओर से अभियान के तहत जागरूकता गतिविधियां लगातार आयोजित की जा रही हैं।


