बुलन्द संदेश /ब्यूरो
बिनौली रोड पर मचा हड़कंप, फायर स्टेशन न होने से देर से पहुंची दमकल; घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू
संवाददाता जावेद अब्बासी
सरधना।बिनौली रोड स्थित एक फर्नीचर शोरूम और गोदाम में बुधवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर पूरे शोरूम और गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का घना गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।

सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा फर्नीचर, लकड़ी, प्लाई और अन्य सामान जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है।

वास्तविक नुकसान का आकलन जांच के बाद किया जाएगा।प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि सरधना में फायर स्टेशन नहीं होने के कारण दमकल की गाड़ियां दूसरे स्थान से पहुंचीं, जिससे आग पर समय रहते काबू नहीं पाया जा सका। लोगों का कहना है कि यदि नगर में फायर स्टेशन होता तो नुकसान काफी कम हो सकता था।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और अग्निशमन विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
स्थानीय लोगों की उठी मांगघटना के बाद एक बार फिर सरधना में स्थायी फायर स्टेशन की मांग तेज हो गई है। लोगों का कहना है कि तेजी से बढ़ते नगर में आग जैसी आपात घटनाओं से निपटने के लिए स्थानीय स्तर पर फायर स्टेशन की व्यवस्था बेहद जरूरी है। उनका कहना है कि हर बार दमकल के बाहर से आने के कारण आग पर काबू पाने में देरी होती है, जिससे लोगों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।


