वृक्षारोपण की जियो-टैगिंग तीन दिन में पूरी करने के निर्देश, वेटलैंड चिन्हांकन और पर्यावरण संबंधी कार्यों की भी समीक्षा
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ। कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्य विकास अधिकारी नुपूर गोयल की अध्यक्षता में जिला गंगा समिति, जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति और जिला वेटलैंड समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक हुई। बैठक में गंगा संरक्षण, वृक्षारोपण और पर्यावरण से जुड़े कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान हिंडन नदी में गिरने वाले सरधना नाले की सफाई रिपोर्ट नहीं मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों से तत्काल आख्या मांगी।
सीडीओ ने कहा कि पिछली बैठक में सरधना नाले की साफ-सफाई के संबंध में निर्देश दिए गए थे, लेकिन अभी तक रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई है। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता और नगर पालिका परिषद सरधना के अधिशासी अधिकारी को जल्द रिपोर्ट देने के निर्देश दिए।
तीन दिन में पूरी करें जियो-टैगिंग
वर्षाकाल 2026-27 में कराए गए वृक्षारोपण की समीक्षा करते हुए सीडीओ ने जिन विभागों में पौधों की जियो-टैगिंग कम पाई गई, उन्हें तीन दिन में शत-प्रतिशत काम पूरा करने को कहा। इसकी रिपोर्ट सामाजिक वानिकी प्रभाग कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। सभी विभागों से तीन-तीन उत्कृष्ट स्थलों और वीवीआईपी स्थलों की सूची भी वन विभाग को भेजने को कहा गया।
वेटलैंड चिन्हांकन में तेजी लाने के निर्देश
वेटलैंड स्थलों को अधिसूचित कराने का काम लंबित मिलने पर सीडीओ ने अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) को वन विभाग से समन्वय स्थापित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वन विभाग से सूची लेकर लेखपालों के माध्यम से स्थलों का सत्यापन कराया जाए और आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी की जाए।
गंगा किनारे पौधरोपण की रिपोर्ट मांगी
सीडीओ ने जिला पंचायती राज अधिकारी और परियोजना निदेशक डीआरडीए को गंगा व अन्य नदियों के किनारे कराए गए वृक्षारोपण की रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराने को कहा। गंगा किनारे स्थित गांवों में ग्राम गंगा समितियों की बैठकों का कार्यवृत्त भी जल्द भेजने के निर्देश दिए। एनजीटी में लंबित मामलों से संबंधित सूचनाएं उपलब्ध कराने और पर्यावरण संबंधी लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण करने को भी कहा गया।
गांधी बाग में दो अक्टूबर को होगी बर्ड वाचिंग
प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग वंदना फोगाट ने बताया कि दो अक्टूबर से वन्यजीव सप्ताह शुरू होगा। उद्घाटन के दिन गांधी बाग में बर्ड वाचिंग और फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। सीडीओ ने बीएसए और डीआईओएस को स्कूलों में कार्यक्रम का प्रचार-प्रसार कराने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी इसमें भाग ले सकें।
बैठक में जिला परियोजना अधिकारी तुषार गुप्ता, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन), अधिशासी अभियंता प्रमोद कुमार, जल निगम नगरीय के अधिशासी अभियंता, जिला पंचायती राज अधिकारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए और अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


