ठोस कचरा प्रबंधन नियमों के पालन पर नगर पालिका ने दिए निर्देश
होटल, अस्पताल, स्कूल व अन्य संस्थानों के संचालकों के साथ बैठक आयोजित
चन्दौसी। नगर पालिका परिषद चन्दौसी में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट रूल्स-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर होटल, रेस्टोरेंट, विद्यालय, महाविद्यालय, अस्पताल और अन्य संस्थानों के संचालकों के साथ बैठक हुई।
अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष लता वार्ष्णेय ने की। अधिशासी अधिकारी सत्येंद्र प्रकाश ने कहा कि स्वच्छ शहर के लिए गीले और सूखे कचरे का स्रोत पर पृथक्करण तथा नियमों का पालन जरूरी है। उन्होंने सभी संस्थानों से ऑन-साइट कचरा प्रबंधन अपनाने की अपील की।
स्वच्छ भारत मिशन के डीपीएम मनोज कुमार और आईटीसी मिशन सुनहरा कल के करन सिंह ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, होम कम्पोस्टिंग, चार-बिन प्रणाली और बल्क वेस्ट जनरेटर्स की जिम्मेदारियों की जानकारी दी। सफाई एवं खाद्य निरीक्षक प्रियंका सिंह ने भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में सभासद नवकांत शर्मा, रियाज अहमद, नगर पालिका के अधिकारी-कर्मचारी तथा विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।


