बुलन्द संदेश ब्यूरो
डीएम बोले- मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत कड़ी हैं आशाएं, संस्थागत प्रसव बढ़ाने पर दें जोर
संवाददाता: जावेद अब्बासी
मेरठ। स्वास्थ्य विभाग ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिले की चार आशा कार्यकत्रियों को सम्मानित किया। गुरुवार को आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने उन्हें वॉशिंग मशीन भेंट कर सम्मानित किया। यह सम्मान अप्रैल से जून 2026 तक के कार्य प्रदर्शन के आधार पर दिया गया।
सम्मानित होने वालों में सरधना ब्लॉक के नवाबगढ़ी गांव की साइस्ता, जानी ब्लॉक के जानी कलां की रेशमा, शहरी स्वास्थ्य केंद्र (यूपीएचसी) सरधना की रिंकी और यूपीएचसी तारापुरी की शबाना खातून शामिल हैं। इन आशा कार्यकत्रियों ने अपने कार्यक्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करते हुए सबसे अधिक प्रोत्साहन राशि प्राप्त की।
जिलाधिकारी डॉ. वी.के. सिंह ने कहा कि आशा कार्यकत्रियां स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं। उनके प्रयासों से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत हो रही हैं। उन्होंने सभी आशाओं से जननी सुरक्षा योजना के तहत अधिक से अधिक संस्थागत प्रसव कराने और लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
मुख्य विकास अधिकारी नूपुर गोयल और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राम प्रसाद ने भी सम्मानित आशाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्य से अन्य आशा कार्यकत्रियों को भी प्रेरणा मिलेगी।
पुरस्कार स्वरूप दी गई सेमी-ऑटोमैटिक वॉशिंग मशीनें स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और केनरा बैंक के कॉर्पोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड के सहयोग से उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम में अग्रणी जिला प्रबंधक राकेश कुमार खन्ना, केनरा बैंक के एजीएम चंपक कुमार, एसबीआई के प्रतिनिधि राजेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग और बैंक के अधिकारी मौजूद रहे।


