वेतन नहीं मिलने पर रोडवेज कर्मचारी सड़क पर उतरे
बुलंद संदेश ब्यूरो
अलीगढ़। रोडवेज कर्मचारियों ने तीन महीने से वेतन न मिलने के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया। गुरुवार को रोडवेज बस स्टैंड सारसौल पर दोपहर 12 बजे बड़ी संख्या में कर्मचारी इकट्ठा हुए। बकाया वेतन भुगतान की मांग की। प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि पिछले तीन महीनों से उन्हें वेतन नहीं मिला है, जिससे उनके सामने गंभीर आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। उनका कहना है कि वेतन न मिलने के कारण परिवार चलाना मुश्किल हो गया है।
प्रदर्शन में शामिल इरफान अली ने बताया कि वह कासगंज के निवासी हैं। अलीगढ़ डिपो में इलेक्ट्रिशियन के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि लगातार ड्यूटी करने के बावजूद उन्हें पारिश्रमिक नहीं मिल रहा है। इस प्रदर्शन में इलेक्ट्रिशियन के साथ-साथ मैकेनिक और अन्य तकनीकी कर्मचारी भी शामिल रहे। कर्मचारियों का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को अपनी समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला। इसी वजह से उन्हें धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा। उन्होंने बकाया वेतन का तत्काल भुगतान किए जाने की मांग की। कर्मचारियों ने चिंता जताई कि महंगाई के इस दौर में लगातार तीन महीने तक वेतन न मिलना उनके और उनके परिवारों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। कई कर्मचारियों ने बच्चों की पढ़ाई और घरेलू खर्चों को लेकर भी अपनी चिंता व्यक्त की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।


