सम्भल (बहजोई), 13 फरवरी 2026
जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सौरभ कुमार पाण्डेय ने बहजोई स्थित जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय, समग्र शिक्षा कार्यालय एवं मिड डे मील सेल का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सबसे गंभीर तथ्य यह सामने आया कि तीनों कार्यालयों में कुल 24 स्टाफ के सापेक्ष 16 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए।
उपस्थिति पंजिकाओं की जांच के बाद अपर जिलाधिकारी ने अनुपस्थित कर्मचारियों व अधिकारियों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अवकाश पर मिलीं।
अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) ने स्पष्ट निर्देश दिए कि समस्त स्टाफ समय से कार्यालय पहुंचे और कार्य में शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यालयों एवं परिसर में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कार्यप्रणाली, अभिलेखों की स्थिति और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आगे भी इस प्रकार के आकस्मिक निरीक्षण जारी रहेंगे।


