सम्भल। ज़िला अस्पताल सम्भल में एक साथ तीन शिशुओं का सफल नॉर्मल डिलीवरी से जन्म होने पर क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। बदायूं जनपद के बिसौली निवासी सरिता पत्नी सतेंद्र ने दो बेटों और एक बेटी को जन्म दिया। मां और तीनों नवजात स्वस्थ हैं।
परिजनों के अनुसार, महिला ऑपरेशन कराने के इरादे से अस्पताल पहुंची थीं। उनका मानना था कि तीन बच्चों का जन्म सामान्य प्रसव से संभव नहीं होगा। लेकिन ज़िला अस्पताल की चिकित्सकीय टीम ने जांच के बाद भरोसा दिलाया कि स्थिति अनुकूल है और नॉर्मल डिलीवरी कराई जा सकती है।
पूर्व में भी डॉक्टरों ने स्पष्ट किया था कि प्रसव में अभी समय है और उचित निगरानी में सामान्य प्रसव संभव रहेगा। तय समय पर विशेषज्ञ देखरेख में सफलतापूर्वक नॉर्मल डिलीवरी कराई गई।
इस सफलता में डॉ स्वाति और डॉ गीता यादव सहित समस्त स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही। चिकित्सकों ने बताया कि सही परामर्श, धैर्य और नियमित जांच से जटिल मामलों में भी सुरक्षित सामान्य प्रसव कराया जा सकता है।
परिवार ने ज़िला अस्पताल की सुविधाओं और सेवाभाव की सराहना करते हुए कहा कि दूर-दराज़ से आने के बावजूद उन्हें बेहतर उपचार और आत्मविश्वास मिला।
इस घटना से आम जनता में सकारात्मक संदेश गया है कि सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में भी सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण मातृत्व सेवाएं उपलब्ध हैं। ज़िला अस्पताल सम्भल की यह उपलब्धि नॉर्मल डिलीवरी को बढ़ावा देने और अनावश्यक ऑपरेशन से बचने की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आई है।


