cbamazon
Big News

सम्भल में बैंकर्स को डीएम की सख्त चेतावनी: लंबित आवेदनों का हर हाल में करें निस्तारण, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

सम्भल में बैंकर्स को डीएम की सख्त चेतावनी: लंबित आवेदनों का हर हाल में करें निस्तारण, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

सम्भल (बहजोई) (शाहवेज खान), 17 फरवरी 2026।

कलक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया की अध्यक्षता में आयोजित बैंकर्स समीक्षा बैठक में शासन की योजनाओं में धीमी प्रगति और लंबित आवेदनों पर कड़ी नाराजगी जताई गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि बैंकों में लंबित सभी आवेदनों का हर हाल में निस्तारण किया जाए, अन्यथा संबंधित बैंकर्स के खिलाफ उनके मुख्यालय को पत्र भेजकर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी।

बैठक में सीएम युवा उद्यमी योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, पीएमएफएमई योजना, माटी कला योजना तथा पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत लंबित आवेदनों और ऋण वितरण की बैंक-वार समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी गोरखनाथ भट्ट ने योजनाओं में धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्राथमिकता देना सभी बैंकों की जिम्मेदारी है।

खादी ग्राम उद्योग तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत लंबित पत्रावलियों पर भी बैंकों से जवाब तलब किया गया। अधिकारियों ने निर्देश दिए कि लंबित मामलों का निस्तारण करें या देरी का स्पष्ट कारण प्रस्तुत करें।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देशित किया कि फरवरी माह में अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को ऋण वितरित किया जाए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही बैंकों की प्रगति की नियमित निगरानी के लिए साप्ताहिक बैठक आयोजित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी, जिला पंचायत के अधिकारी, पशु चिकित्सा अधिकारी, उद्यान विभाग, उद्योग विभाग, एलडीएम सहित विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक और संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।