सम्भल (बहजोई), 12 फरवरी 2026
कलक्ट्रेट सभागार बहजोई में आयोजित पीस कमेटी की बैठक में जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया ने “भीख से सीख” अभियान को जनपद में प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि किसी भी स्थान पर पेशेवर तरीके से भीख मंगवाने की सूचना मिलती है तो तत्काल प्रशासन को अवगत कराया जाए, ताकि संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा सके।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि भीख मांगने वाले बच्चों को मुख्यधारा की शिक्षा से जोड़ना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सामाजिक संगठनों, विद्यालयों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि “भीख से सीख” अभियान का उद्देश्य बच्चों को भीख से दूर कर शिक्षा की ओर प्रेरित करना है, ताकि उनका भविष्य सुरक्षित और उज्ज्वल बन सके।
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि ऐसे बच्चों की पहचान कर उन्हें विद्यालयों में प्रवेश दिलाया जाए तथा आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाए। साथ ही अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया, ताकि समाज में जागरूकता बढ़े और लोग भीख देने के बजाय शिक्षा के समर्थन में आगे आएं।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे भीख देने के बजाय बच्चों को शिक्षा दिलाने में सहयोग करें और यदि कहीं जबरन भीख मंगवाने की जानकारी मिले तो तुरंत प्रशासन को सूचित करें।


