बुलन्द सन्देश / शाहवेज़ खान
संभल। मिशन इंटरनेशनल एकेडमी की कक्षा नौ की प्रतिभाशाली छात्राएं एवं फुटबॉल खिलाड़ी अलीजा खान और इल्मा खान का चयन मुरादाबाद मंडल की जूनियर बालिका फुटबॉल टीम में हुआ है। दोनों खिलाड़ी राज्य स्तरीय जूनियर बालिका फुटबॉल प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए टीम के साथ अमेठी रवाना हुईं।
खिलाड़ियों को रवाना करते समय संभल फुटबॉल एसोसिएशन के महासचिव मुहम्मद शारिक, मिशन इंटरनेशनल एकेडमी के मैनेजर मुशीर खान, कोच यासर वकास एवं मोहम्मद जैनुल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
विद्यालय के प्रधानाचार्य विल्सन राजन एवं स्कूल निर्देशिका शबाना कौसर ने अलीजा और इल्मा के चयन पर खुशी जताते हुए कहा कि दोनों छात्राओं की उपलब्धि विद्यालय के लिए गर्व की बात है। उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।
कक्षा नौ के कक्षा अध्यापक जुनैद इब्राहिम ने भी दोनों खिलाड़ियों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। विद्यालय परिवार ने टीम की सफलता की कामना करते हुए कहा कि 17 अगस्त को वापसी के बाद दोनों होनहार छात्राओं को विद्यालय में सम्मानित किया जाएगा।


