cbamazon
उत्तर प्रदेश

10 दिन में 10 मुठभेड़, पुलिस ने कई बदमाशों को दबोचा

10 दिन में 10 मुठभेड़, पुलिस ने कई बदमाशों को दबोचा

‘ऑपरेशन वज्र प्रहार’ के तहत लूट और गोकशी से जुड़े आरोपियों पर कार्रवाई, आठ गोकश मुठभेड़ में घायल

संवाददाता जावेद अब्बासी 

मेरठ। जिले में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का ‘ऑपरेशन वज्र प्रहार’ लगातार जारी है। एसएसपी का चार्ज संभालने के बाद एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए अभियान तेज किया है। पुलिस के अनुसार पिछले 10 दिनों में जिले में 10 मुठभेड़ हुईं, जिनमें कई बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के मुताबिक इन कार्रवाई में दो लूट की घटनाओं का भी खुलासा हुआ है। वहीं, गोकशी से जुड़े मामलों में आठ आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया। पुलिस की कार्रवाई में घायल आरोपियों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।हाल ही में जानी, मुडाली और सरधना थाना क्षेत्रों में पुलिस की गोकशों से मुठभेड़ हुई। सरधना और मुडाली क्षेत्र में हुई कार्रवाई के दौरान चार आरोपी पुलिस की जवाबी कार्रवाई में घायल हुए। पुलिस ने चारों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, कारतूस और गोकशी में इस्तेमाल होने वाला सामान बरामद किए जाने का दावा किया गया है।एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने पत्रकारों से बातचीत में बताया कि जिले में अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है। पुलिस की टीमें अपराधियों की धरपकड़ के लिए लगातार काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि अपराधी कितना भी शातिर क्यों न हो, पुलिस की निगरानी से बच नहीं पाएगा।एसएसपी ने कहा कि ‘ऑपरेशन वज्र प्रहार’ आगे भी जारी रहेगा। संगीन अपराधों में शामिल बदमाशों और आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य जिले में अपराध पर प्रभावी नियंत्रण के साथ आमजन में सुरक्षा का माहौल बनाए रखना है।