cbamazon
उत्तर प्रदेश

आईआईएमटी में हैक्टूबर फेस्ट-2026 का आयोजन, टीम पृथ्वी-ई बनी विजेता

आईआईएमटी में हैक्टूबर फेस्ट-2026 का आयोजन, टीम पृथ्वी-ई बनी विजेता

हैकाथॉन में विद्यार्थियों ने दिखाई तकनीकी प्रतिभा, विजेता को सात हजार रुपये का पुरस्कार

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

मेरठ। आईआईएमटी विश्वविद्यालय में आईआईएमटी बिजनेस इनक्यूबेटर फाउंडेशन (आईआईएमटी बीआईएफ) के तत्वावधान में हैक्टूबर फेस्ट-2026 का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लेकर अपनी तकनीकी दक्षता, रचनात्मक सोच और प्रोग्रामिंग कौशल का प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में आईआईएमटी विश्वविद्यालय की टीम पृथ्वी-ई ने पहला स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता में विजेता टीम पृथ्वी-ई को सात हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। विद्या विश्वविद्यालय की टीम स्पार्क्स ने प्रथम उपविजेता स्थान हासिल करते हुए पांच हजार रुपये का पुरस्कार जीता। वहीं, आईआईएमटी इंजीनियरिंग कॉलेज (एकेटीयू) की टीम रनटाइम रेबल्स तीसरे स्थान पर रही। टीम को तीन हजार रुपये की नकद राशि देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में आईआईएमटी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति योगेश मोहन गुप्ता और कुलपति डॉ. दीपा शर्मा मौजूद रहे। उन्होंने विजेता टीमों को पुरस्कार प्रदान किए और विद्यार्थियों को अनुसंधान, नवाचार तथा उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका कैप्टन दीपक ढल्ला, उदित गुप्ता, अभिषेक कुमार, हर्षवर्धन बाजोरिया और अभिनव सिंह ने निभाई। निर्णायकों ने प्रतिभागियों की परियोजनाओं का मूल्यांकन किया। कुलाधिपति ने निर्णायकों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।

आयोजन आईआईएमटी बीआईएफ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. वैभव शर्मा और वरिष्ठ प्रबंधक डॉ. अक्षय राज के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान इनक्यूबेशन मैनेजर जोया नाज, इनक्यूबेशन एसोसिएट अभिषेक खंडेलवाल, संकल्प अग्रवाल और मुकेश पाल मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जोया नाज ने किया।

आयोजन में आईआईएमटी ई-सेल के विद्यार्थियों ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। वासुदेव एआई और टेकीज़ मार्केटिंग एजेंसी ने सहयोगी के रूप में समर्थन दिया, जबकि डिजिटल ओशियन, देव और एमएलएच मुख्य प्रायोजक रहे। समापन पर कुलपति डॉ. दीपा शर्मा ने अतिथियों, निर्णायकों, प्रायोजकों, प्रतिभागियों और आयोजन में सहयोग करने वाले विद्यार्थियों का आभार जताया।