28 नवंबर तक फैसला नहीं होने पर परिवारों सहित ट्रैक्टरों से लखनऊ कूच करने की चेतावनी
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरधना। तहसील क्षेत्र के दबथुवा गांव में चकबंदी निरस्त कराने की मांग को लेकर किसानों ने तहसील परिसर में कई घंटे तक धरना-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद किसानों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।
किसानों ने चकबंदी प्रक्रिया को लेकर बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी, मेरठ की ओर से भेजी गई रिपोर्ट पर आपत्ति जताई। उनका कहना है कि रिपोर्ट में गांव के 562 खातों के सापेक्ष 437 लोगों के हस्ताक्षरों को चकबंदी के पक्ष में सहमति के रूप में दर्शाया गया है, जबकि गांव में कुल सहखातेदारों की संख्या करीब 3800 बताई जा रही है। किसानों ने रिपोर्ट में सभी सहखातेदारों की स्थिति को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।किसानों ने चेतावनी दी कि यदि 28 नवंबर तक चकबंदी निरस्त करने के संबंध में किसानों के हित में निर्णय नहीं लिया गया, तो वे अपने परिवारों के साथ ट्रैक्टरों से लखनऊ कूच करेंगे। वहां मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सामने अपनी समस्याएं रखने का प्रयास करेंगे।
धरना-प्रदर्शन के दौरान अनिल चौधरी दबथुवा, ओमबीर प्रधान,तेजवीर प्रधान, कैप्टन अरविंद, कृष्णपाल प्रधान,अनिल मास्टर,कंवरपाल, नरेंद्र, चांदवीर, बीरपाल घनघस,प्रवीण, सचिन, नितिन सहित अन्य किसान मौजूद रहे।


