पप्पू मास्टर को ब्लॉक महामंत्री और नदीम को संगठन मंत्री की जिम्मेदारी
सरधना। भारतीय किसान यूनियन (किसान क्रांति) की सरधना ब्लॉक कार्यकारिणी की बैठक ब्लॉक सचिव रिजवान मिर्जा के आवास पर हुई। बैठक की अध्यक्षता मेरठ जिलाध्यक्ष चौधरी निखिल राव ने की। बैठक में आगामी 16 सितंबर को मेरठ कमिश्नरी पर प्रस्तावित किसान-मजदूर घेराव कार्यक्रम की तैयारियों और संगठन की रणनीति पर चर्चा की गई।
जिलाध्यक्ष चौधरी निखिल राव ने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में घेराव कार्यक्रम में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि किसानों और मजदूरों की समस्याओं को लेकर संगठन आगे भी मजबूती से आवाज उठाएगा। बैठक में किसानों और मजदूरों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
इस दौरान संगठन का विस्तार करते हुए सर्वसम्मति से पप्पू मास्टर को ब्लॉक महामंत्री सरधना और नदीम को ब्लॉक संगठन मंत्री सरधना नियुक्त किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का संगठन के वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। उनसे गांव-गांव तक संगठन को मजबूत करने और किसानों व मजदूरों के हितों के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का आह्वान किया गया।
बैठक में संगठन की मजबूती, अनुशासन और आगामी आंदोलनों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श हुआ। पदाधिकारियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी विपिन मलिक के नेतृत्व में संगठन को मजबूत करने और किसान-मजदूरों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प लिया।
बैठक में सोनी खान, नफीस, आरिफ, आदिल, सरफराज, मनोज पाल, अहसान मेंबर, मुजाहिद, मुन्ना कुरैशी, सलीम, वसीम सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।


