cbamazon
उत्तर प्रदेश

1710 युवाओं को मिला रोजगार, विनायक विद्यापीठ में बांटे ऑफर लेटर

1710 युवाओं को मिला रोजगार, विनायक विद्यापीठ में बांटे ऑफर लेटर

“विनायक विद्यापीठ के मेगा जॉब फेयर में 1710 युवाओं की नौकरी पक्की”

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

मोदीपुरम। विनायक विद्यापीठ, मोदीपुरम और क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, मेरठ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को मेगा रोजगार मेला-2026 आयोजित किया गया। रोजगार मेले में 38 राष्ट्रीय स्तर की कंपनियों ने हिस्सा लिया। विभिन्न पदों के लिए 2610 अभ्यर्थियों ने प्रतिभाग किया, जिनमें से 1710 युवाओं का चयन किया गया। चयनित अभ्यर्थियों को 10 हजार से 35 हजार रुपये तक के वेतन पर नौकरी के अवसर मिले।

रोजगार मेले का उद्घाटन चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के डिप्टी रजिस्ट्रार डॉ. सत्य प्रकाश ने किया। वहीं समापन समारोह में मेरठ कैंट विधायक अमित अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। संस्थान की प्राचार्या डॉ. अनुप्रीता शर्मा, निदेशक इंजी. विकास कुमार, ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट हेड प्रवीन शर्मा और क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक शशि भूषण उपाध्याय ने अतिथियों का स्वागत किया।

कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। इसके बाद अतिथियों ने कंपनियों के प्रतिनिधियों से मुलाकात कर रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं दीं। कंपनियों के अधिकारियों ने अभ्यर्थियों की योग्यता और कौशल के आधार पर साक्षात्कार लेकर चयन प्रक्रिया पूरी की।

आयोजकों के अनुसार रोजगार मेले में कंपनियों की चयन प्रक्रिया पूरी तरह नि:शुल्क रही। अलग-अलग कंपनियों ने विभिन्न पदों के लिए अभ्यर्थियों का चयन किया। चयनित युवाओं को समापन समारोह में मुख्य अतिथि अमित अग्रवाल ने ऑफर लेटर वितरित किए। उन्होंने युवाओं को आत्मनिर्भर बनने और अपने कौशल को लगातार विकसित करने के लिए प्रेरित किया।

क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय के सहायक निदेशक शशि भूषण उपाध्याय ने कहा कि रोजगार मेले युवाओं को रोजगार के साथ करियर को नई दिशा देने का महत्वपूर्ण मंच हैं। ऐसे आयोजनों से युवाओं को कंपनियों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलता है, वहीं उद्योगों को योग्य और प्रतिभाशाली मानव संसाधन उपलब्ध होता है।

प्राचार्या डॉ. अनुप्रीता शर्मा ने सभी कंपनियों, अतिथियों और अभ्यर्थियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान भविष्य में भी युवाओं के लिए रोजगारपरक कार्यक्रम आयोजित करता रहेगा।

कार्यक्रम का संचालन प्रबंधन विभाग के अध्यक्ष सुनील कुमार ने किया। इस दौरान संस्थान के अधिकारी, कर्मचारी, कंपनी प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में अभ्यर्थी मौजूद रहे।