सूरजकुंड पार्क में 51 हजार दीपों से जगमगाया परिसर, ‘आशीर्वाद का दीया’ जलाकर लिया सेवा का संकल्प
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ। सेवा को जनभागीदारी और जनकल्याण से जोड़ने के उद्देश्य से गुरुवार को मेरठ में एक माह के सेवा संकल्प अभियान की शुरुआत हुई। जिलेभर में अभियान के तहत 8.31 लाख से अधिक दीप जलाए गए। मुख्य कार्यक्रम सूरजकुंड पार्क में हुआ, जहां 51 हजार दीपों से पूरा परिसर रोशन हो गया। 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान में जिलेभर में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
‘आशीर्वाद का दीया’ से दिया सेवा का संदेश
सूरजकुंड पार्क में दीप प्रज्ज्वलित कर अभियान की शुरुआत की गई। राज्यसभा सांसद डॉ. लक्ष्मीकांत वाजपेयी ने कहा कि जरूरतमंद और पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना जनसेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। अभियान के दौरान लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ उनके लाभ के लिए जागरूक किया जाएगा।
कार्यक्रम में ‘आशीर्वाद का दीया’ को सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी के संकल्प का प्रतीक बताया गया। कमिश्नर, डीएम और एसएसपी समेत जनप्रतिनिधियों ने अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी पर जोर दिया।
इस दौरान महापौर हरिकांत अहलूवालिया, कैंट विधायक अमित अग्रवाल, विधान परिषद सदस्य डॉ. धर्मेंद्र भारद्वाज, भाजपा जिलाध्यक्ष हरवीर पाल और महानगर अध्यक्ष विवेक रस्तोगी समेत अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।
51 हजार दीपों से बनाई सांस्कृतिक आकृतियां
सूरजकुंड पार्क में स्कूली छात्र-छात्राओं ने 51 हजार दीपों को अलग-अलग सांस्कृतिक प्रतीकों और आकृतियों में सजाया। दीपों से तैयार आकृतियों ने लोगों का ध्यान खींचा। विद्यार्थियों की रचनात्मकता और भारतीय संस्कृति से जुड़ी प्रस्तुतियों की लोगों ने सराहना की।
सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम में स्कूली छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और परंपराओं की झलक दिखाई गई। कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों ने तालियों के साथ छात्राओं का उत्साह बढ़ाया।
शहीद स्मारक से गांवों तक चलेगा अभियान
एक माह तक चलने वाला सेवा संकल्प अभियान शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों तक पहुंचेगा। शहीद स्मारक, गंगा एक्सप्रेसवे, आरआरटीएस, स्कूलों, जनसेवा केंद्रों, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, मेडिकल कॉलेजों, तहसीलों, ब्लॉक और ग्राम पंचायतों में विभिन्न कार्यक्रम होंगे।
अभियान में अधिकारी, कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, विद्यार्थी और आमजन भाग लेंगे। इसका उद्देश्य सेवा की भावना को बढ़ावा देने के साथ पात्र लोगों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए जागरूकता बढ़ाना है।


