बरेली ( सय्यद शाहबुद्दीन) ! देवरनियां पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी की पांच मोटरसाइकिलें, मोटरसाइकिल की चाबियों का गुच्छा, एक मास्टर चाबी, मोबाइल फोन और 2110 रुपये की नकदी बरामद की है। पुलिस के अनुसार 21 अगस्त को थाना देवरनियां पुलिस शांति व्यवस्था, गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान ग्राम कनमन से इटौंआ की ओर जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दो लोगों को रोककर पूछताछ की गई। उनकी पहचान फुरकान पुत्र शब्बू खां निवासी मोहल्ला शाहूकारा, थाना बिलासपुर, जिला रामपुर तथा छोटे पुत्र रफीउल्ला निवासी मोहल्ला शेरपुरा, थाना व कस्बा शीशगढ़, जनपद बरेली के रूप में हुई। पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी करने वाले गिरोह से जुड़े होने की बात बताई। पुलिस के मुताबिक गिरोह के सदस्य बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिलों को चोरी कर एक खंडहर मकान में छिपाते थे। इसके बाद चेसिस नंबर मिटाकर पहचान छिपाई जाती थी और फर्जी नंबर प्लेट लगाकर वाहनों को बेच दिया जाता था। चोरी की मोटरसाइकिलों को राह चलते लोगों को भी बेचने की बात सामने आई है। आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम कनमन से इटौंआ की ओर जाने वाले रास्ते पर खाली पड़े ईंट-भट्ठे के खंडहरनुमा मकान से चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इनमें से एक मोटरसाइकिल के डिग्गी में एक मोबाइल फोन भी मिला। इसके अलावा फुरकान के पास से मोटरसाइकिल की चाबियों का गुच्छा और 1460 रुपये तथा छोटे के पास से 650 रुपये बरामद हुए। पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में थाना देवरनियां में मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी फुरकान का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।


