cbamazon
उत्तर प्रदेश

आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

शिकायतकर्ता से फोन पर फीडबैक लेने और जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर सत्यापन के निर्देश

बुलन्द संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

मेरठ। विकास भवन सभागार में सोमवार को जिलाधिकारी डॉ. वीके सिंह ने आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज जनशिकायतों के निस्तारण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों का समय से और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि आईजीआरएस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। सभी विभागीय और नोडल अधिकारी पोर्टल पर आने वाली शिकायतों की नियमित समीक्षा करें। शिकायतों का निस्तारण केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

उन्होंने विभागीय आईजीआरएस नोडल अधिकारियों के खराब प्रदर्शन पर नाराजगी जताई। साथ ही अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से फोन पर बात कर फीडबैक लेने और जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर शिकायत का सत्यापन करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों की लापरवाही के कारण जिले की रैंकिंग प्रभावित होने पर संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में सीडीओ नूपुर गोयल, सीएमओ डॉ. राम प्रसाद, एडीएम प्रशासन विजय वर्धन तोमर, डीपीआरओ वीरेंद्र सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी सुनील कुमार सिंह, अपर नगर आयुक्त लवी त्रिपाठी, जिला पूर्ति अधिकारी विनय कुमार सिंह और जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेश कुमार गुप्ता सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।