cbamazon
उत्तर प्रदेश

आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर वेतन रोकने की चेतावनी

आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पर वेतन रोकने की चेतावनी

आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने की मंडलीय समीक्षा, बोले- शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करें अधिकारी

बुलन्द संदेश ब्यूरो: जावेद अब्बासी 

 

मेरठ। आयुक्त सभागार में शनिवार को आयुक्त मेरठ मंडल भानु चंद्र गोस्वामी की अध्यक्षता में आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण की मंडलीय समीक्षा बैठक हुई। आयुक्त ने शिकायतों की स्थिति, निस्तारण की गुणवत्ता और शिकायतकर्ताओं के फीडबैक की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

आयुक्त ने कहा कि आईजीआरएस शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। मंडल स्तर के सभी अधिकारी और आईजीआरएस नोडल अधिकारी शिकायतों की नियमित रूप से स्वयं निगरानी करें और प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।उन्होंने सख्त निर्देश देते हुए कहा कि जिन मंडलीय अधिकारियों का संतुष्टि फीडबैक 25 प्रतिशत से कम रहेगा, उनका अगले माह का वेतन रोक दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से फोन पर बात कर फीडबैक लेने और जरूरत पड़ने पर मौके पर जाकर शिकायत का सत्यापन करने के निर्देश दिए।

आयुक्त ने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही या शिथिलता के कारण मेरठ मंडल की रैंकिंग प्रभावित हुई तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों से शिकायतों के निस्तारण में गंभीरता और पारदर्शिता बरतने को कहा।बैठक में अपर आयुक्त अमित कुमार सिंह, संयुक्त विकास आयुक्त बलिराम सिंह सहित मंडल स्तरीय अधिकारी और आईजीआरएस नोडल अधिकारी मौजूद रहे।