135 में से 135 अंक हासिल कर पहली रैंक, 95.15 फीसदी शिकायतकर्ताओं ने जताई संतुष्टि
संवाददाता जावेद अब्बासी
मेरठ। आईजीआरएस और जनसुनवाई पोर्टल पर प्राप्त जनशिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में मेरठ पुलिस ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। अगस्त 2026 की मूल्यांकन रिपोर्ट में मेरठ पुलिस को 135 में से 135 अंक यानी 100 प्रतिशत अंक मिले हैं।मूल्यांकन में शिकायतों के समय से निस्तारण, डिफॉल्टर संदर्भ, शिकायतकर्ताओं की प्रतिक्रिया और निस्तारण की गुणवत्ता समेत कई मानकों को शामिल किया गया। अगस्त माह में पुलिस को भेजे गए 626 संदर्भों का औसतन 0.22 दिन में निस्तारण किया गया। वहीं पिछले छह माह में प्राप्त औसतन 4805 संदर्भों में माह के अंत तक एक भी संदर्भ डिफॉल्टर नहीं रहा।अगस्त में निस्तारित शिकायतों को लेकर 3506 शिकायतकर्ताओं से फीडबैक लिया गया। इनमें 3336 शिकायतकर्ताओं ने निस्तारण पर संतोष जताया। इस तरह संतोषजनक फीडबैक 95.15 प्रतिशत रहा। उच्चाधिकारियों द्वारा श्रेणीकृत 65 संदर्भों में एक भी शिकायत सी-श्रेणी में नहीं मिली।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ की ओर से राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और आईजीआरएस से जुड़े पुलिसकर्मियों को शिकायतों का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण तय समय में करने के निर्देश दिए जा रहे हैं। नियमित समीक्षा और प्रभावी निगरानी के चलते मेरठ पुलिस ने 100 प्रतिशत अंक हासिल कर प्रदेश में पहली रैंक प्राप्त की।मेरठ पुलिस ने कहा कि जनशिकायतों के त्वरित, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए आगे भी प्रभावी तरीके से काम जारी रहेगा।


