पूर्व विधायक ने प्रेसवार्ता में सपा अध्यक्ष पर साधा निशाना, अपराधियों पर कार्रवाई को बताया जरूरी
संवाददाता जावेद अब्बासी
मेरठ। सरधना के पूर्व विधायक एवं भाजपा नेता ठाकुर संगीत सोम ने रविवार को मेरठ कैंट स्थित अपने आवास पर प्रेसवार्ता कर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधा। शामली के अंकित बालियान हत्याकांड के आरोपियों के एनकाउंटर को लेकर अखिलेश यादव की प्रतिक्रिया पर उन्होंने सवाल उठाए।
संगीत सोम ने कहा कि सरकार अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है और इससे पीड़ित परिवारों को न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ी है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की राजनीति में अपराधियों को संरक्षण देने की पुरानी मानसिकता रही है। आज जब अपराधियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई कर रही है तो सपा नेताओं को परेशानी हो रही है।
पूर्व विधायक ने अखिलेश यादव के पीडीए फार्मूले पर भी कटाक्ष किया। उन्होंने अपनी व्याख्या करते हुए कहा कि पी से पापी, डी से डकैत और ए से अपराधी होता है। उन्होंने अखिलेश यादव को अपराधियों का ‘अब्बा’ बताते हुए कहा कि अपराधियों के खिलाफ होने वाली कार्रवाई का विरोध नहीं होना चाहिए।
संगीत सोम ने अंकित बालियान हत्याकांड का जिक्र करते हुए कहा कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है। ऐसे मामलों में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सरकार और पुलिस की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अपराधियों पर सख्ती से कार्रवाई होने से आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा पैदा होता है।
उन्होंने सपा सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कानून-व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। संगीत सोम ने कहा कि पहले अपराधियों का मनोबल बढ़ा हुआ था, जबकि वर्तमान सरकार में अपराधियों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
पूर्व विधायक ने कहा कि अखिलेश यादव पीडीए के नाम पर जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि आने वाले समय में जनता इसका जवाब देगी।
प्रेसवार्ता के दौरान संगीत सोम ने अखिलेश यादव के पुराने ‘चवन्नी’ वाले बयान का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जिन्हें कभी चवन्नी कहा गया था, वही लोग आने वाले समय में अखिलेश यादव को ‘इकन्नी’ बनाने का काम करेंगे।


