हस्तिनापुर क्षेत्र की समीक्षा बैठक में संगठन की स्थिति पर मंथन, पदाधिकारियों को जमीनी स्तर पर जिम्मेदारी निभाने के निर्देश
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ। राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ, हस्तिनापुर क्षेत्र की समीक्षा बैठक में संगठन को बूथ और ब्लॉक स्तर तक मजबूत करने की रणनीति पर मंथन हुआ। बैठक में अल्पसंख्यक समाज को पार्टी से जोड़ने के साथ आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया।
बैठक में प्रदेश अध्यक्ष अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ दिलनवाज खान, प्रदेश महासचिव दिलप्रीत कोहली, महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव ऋचा सिंह, क्षेत्रीय अध्यक्ष मारूफ अली, मेरठ जिला अध्यक्ष हाजी जहीर अब्बासी, महानगर अध्यक्ष मरियम जिलानी, जिला महासचिव अतीक ललियाना और जिला उपाध्यक्ष ताज मुहम्मद सहित हस्तिनापुर क्षेत्र के विभिन्न जनपदों के जिला अध्यक्ष एवं प्रमुख पदाधिकारी मौजूद रहे।
पदाधिकारियों ने संगठन की मौजूदा स्थिति की समीक्षा करते हुए कहा कि पार्टी की मजबूती के लिए जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। बूथ और ब्लॉक स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ने की रणनीति पर चर्चा की गई।
वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ काम करने और राष्ट्रीय लोकदल की नीतियों एवं विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर संगठन को मजबूत करने की दिशा में लगातार काम कर रहा है।
बैठक में आगामी दिनों में क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों को और सक्रिय करने तथा कार्यकर्ताओं को उनकी क्षमता के अनुसार जिम्मेदारियां सौंपने पर भी चर्चा हुई। पदाधिकारियों ने कहा कि मजबूत संगठन ही पार्टी को जमीनी स्तर पर प्रभावी बना सकता है।अंत में सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत करने तथा पार्टी की नीतियों को आम लोगों तक पहुंचाने का संकल्प लिया।


