60 और 90 दिन से लंबित विवेचनाओं की समीक्षा, साइबर व महिला अपराधों में संवेदनशीलता से कार्रवाई के निर्देश
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ। पुलिस लाइंस स्थित आईसीसीसी में मंगलवार को अपर पुलिस महानिदेशक, मेरठ जोन की अध्यक्षता में अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में डीआईजी मेरठ परिक्षेत्र और एसएसपी मेरठ समेत जिले के पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए।
बैठक में 60 और 90 दिन से अधिक समय से लंबित विवेचनाओं की स्थिति की समीक्षा की गई। एडीजी ने अधिकारियों को लंबित विवेचनाओं और जांचों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश दिए। सेशन ट्रायल से संबंधित लंबित मामलों की स्थिति और उनकी प्रगति की भी जानकारी ली गई।
साइबर और महिला अपराधों पर विशेष जोर
एडीजी ने साइबर अपराधों की रोकथाम और ऐसे मामलों में प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए। महिला संबंधी अपराधों की समीक्षा करते हुए उन्होंने संवेदनशीलता और तत्परता से कार्रवाई करने तथा पीड़ितों को समयबद्ध न्याय दिलाने पर जोर दिया।
थानों में लंबित माल का भी होगा निस्तारण
बैठक में थानों पर लंबित माल के मामलों की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को नियमानुसार लंबित माल का निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए। एडीजी ने कहा कि अपराध नियंत्रण और प्रभावी पुलिसिंग के लिए अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में नियमित समीक्षा करें और लंबित मामलों की लगातार निगरानी रखें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि विवेचनाओं और जांच के निस्तारण में किसी तरह की शिथिलता नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी अपने स्तर पर नियमित समीक्षा कर निर्धारित समय में कार्रवाई सुनिश्चित करें।
बैठक में पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, पुलिस उपाधीक्षक अभिसूचना, मुख्य अग्निशमन अधिकारी, थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी, शाखा प्रभारी समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।


