cbamazon
उत्तर प्रदेश

अटेरना में पपेंद्र हत्याकांड का खुलासा, शराब को लेकर हुआ विवाद बना मौत की वजह

अटेरना में पपेंद्र हत्याकांड का खुलासा, शराब को लेकर हुआ विवाद बना मौत की वजह

सरधना। अटेरना गांव में पपेंद्र हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी अनीश पुत्र जीवन निवासी अटेरना को गिरफ्तार किया है। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल डंडा और फावड़ा बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, दो सितंबर की रात अनीश और पपेंद्र (40) साथ बैठकर शराब पी रहे थे। शराब खत्म होने पर अनीश ने पपेंद्र से और शराब लाने को कहा। पपेंद्र ने मना कर दिया और अनीश को थप्पड़ मार दिया। इससे गुस्साए अनीश ने डंडे से पपेंद्र के सिर पर वार कर दिया। पपेंद्र के जमीन पर गिरने के बाद आरोपी ने उसका गला दबा दिया। इससे उसकी मौत हो गई।

इसके बाद आरोपी फावड़ा लेकर शव को मंदिर के पास ले गया। वहां गड्ढा खोदकर शव को दबा दिया और ऊपर से पराली डालकर उसे छिपा दिया।

तीन सितंबर को दर्ज कराई थी गुमशुदगी

पपेंद्र के लापता होने पर उसके परिजनों ने तीन सितंबर को थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। चार सितंबर को पपेंद्र के भाई बिट्टू ने थाने में तहरीर देकर अनीश समेत चार लोगों पर हत्या कर शव छिपाने का आरोप लगाया। शव मिलने के बाद पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) और 238 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने दो टीमें गठित की थीं। छह सितंबर को पुलिस ने नामजद आरोपी अनीश को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त डंडा और फावड़ा बरामद कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर जेल भेज दिया है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।