cbamazon
उत्तर प्रदेश

बराही देवी मंदिर में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ संपन्न हुआ निःशुल्क रुद्राभिषेक एवं भव्य दीपोत्सव

बराही देवी मंदिर में श्रद्धा एवं भक्ति के साथ संपन्न हुआ निःशुल्क रुद्राभिषेक एवं भव्य दीपोत्सव

 

 

बुलंद संदेश ब्यूरो 

लखनऊ। बराही देवी मंदिर परिसर में रविवार, को श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक उल्लास के बीच निःशुल्क रुद्राभिषेक, अखंड ॐ नमः शिवाय जप-कीर्तन महायज्ञ एवं भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित होकर भगवान शिव का विधि-विधानपूर्वक पूजन एवं रुद्राभिषेक किया तथा सुख, शांति, समृद्धि एवं सर्वकल्याण की प्रार्थना की।

यह धार्मिक आयोजन अयोध्या धाम से पधारे पूज्य बाल स्वामी जी महाराज के पावन मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से संपन्न हुआ। स्वामी जी महाराज के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक विधि-विधान के साथ भगवान शिव का रुद्राभिषेक किया गया। वैदिक मंत्रों की गूंज और ‘हर-हर महादेव’, ‘बम-बम भोले’ एवं ‘ॐ नमः शिवाय’ के जयघोष से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो उठा।

 

सिद्ध पीठ बराही देवी मंदिर में आयोजित होने वाला यह धार्मिक आयोजन पिछले 15 वर्षों से निरंतर श्रद्धा एवं आस्था के साथ आयोजित किया जा रहा है। इसी पावन परंपरा के अंतर्गत अखंड ॐ नमः शिवाय जप-कीर्तन महायज्ञ का भी आयोजन किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

 

अखंड जप-कीर्तन के माध्यम से भगवान शिव का निरंतर स्मरण एवं नाम-संकीर्तन किया गया। श्रद्धालुओं ने इसमें सहभागी होकर आध्यात्मिक शांति एवं पुण्य लाभ प्राप्त किया।

 

रुद्राभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जल, दूध, दही, शहद, घी एवं विभिन्न पूजन सामग्रियों से अभिषेक किया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच संपन्न हुए इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं ने पूर्ण श्रद्धा एवं आस्था के साथ भाग लिया।

 

रुद्राभिषेक के समापन के पश्चात मंदिर परिसर में भव्य दीपोत्सव का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं द्वारा बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित किए गए, जिससे बराही देवी मंदिर असंख्य दीपों की रोशनी से जगमगा उठा।

 

इस अवसर पर जर्मनी में रहने वाले रवि चौहान ने भी कार्यक्रम में अपनी सहभागिता एवं प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विदेश में रहते हुए भी अपनी सनातन संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जुड़े रहना उनके लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।

 

आयोजन समिति के संरक्षक रमेश सिंह चौहान ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी श्रद्धालुओं, संत-महात्माओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भगवान शिव की आराधना, रुद्राभिषेक, अखंड जप-कीर्तन एवं दीपोत्सव जैसे धार्मिक आयोजन हमारी समृद्ध सनातन संस्कृति का अभिन्न हिस्सा हैं।

 

कार्यक्रम के व्यवस्थापक गुड्डू सिंह एवं विजय सिंह ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके नेतृत्व में श्रद्धालुओं के लिए पूजा-अर्चना, बैठने, जल, प्रसाद एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का समुचित प्रबंध किया।। यह जानकारी नीलकमल पांडे ने दी।