मवाना में करीब 100 गांवों के अध्यक्ष पहुंचे, गन्ना मूल्य बढ़ाने के लिए खेत आंदोलन का ऐलान
बुलन्द संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मवाना। भारतीय किसान यूनियन मेरठ की मवाना तहसील की प्रथम प्रशिक्षण बैठक रविवार को ग्राम पहाड़पुर में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जबर सिंह ने की। मुख्य अतिथि भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी रहे। बैठक में करीब 100 गांवों के ग्राम अध्यक्षों ने हिस्सा लिया।
जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूत करने और किसानों की समस्याओं के समाधान की रणनीति समझाई। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में सक्रिय सदस्यों को तैयार किया जाए। किसानों की समस्याओं को चिह्नित कर उन्हें लिखित रूप में संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाया जाए, ताकि उनका समाधान कराया जा सके।
बैठक में किसानों की बिजली संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष ने बिजली के बढ़े हुए लोड की जांच कराने और नियमानुसार लोड कम कराने के लिए किसानों की मदद करने की बात कही। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव स्तर पर किसानों की समस्याओं को एकत्र कर संगठन के माध्यम से उठाने का आह्वान किया।
गन्ना मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन
बैठक में गन्ने का मूल्य बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया गया। जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि करीब एक सप्ताह बाद खेत आंदोलन शुरू किया जाएगा। इसमें किसान खेत से लेकर अधिकारियों के कार्यालय तक गन्ने के उचित मूल्य की मांग उठाएंगे। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से गांव स्तर पर आंदोलन की तैयारी शुरू करने को कहा।
नरेश मवाना ने किसानों और संगठन के कार्यकर्ताओं से एकजुट रहने का आह्वान किया। युवा जिलाध्यक्ष अनूप यादव और हर्ष चहल ने युवाओं से संगठन को मजबूत करने और किसान हित के आंदोलनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
बैठक में जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी, नरेश मवाना, सत्येंद्र तालियांन, अनूप यादव, हर्ष चहल, करण सैनी, मदन गुर्जर, प्रिंस, जसबीर, गुरमिंदर, जज सिंह, सरदार बंटी, पुष्पेंद्र, सुनील, मनोज, हरेंद्र और राजकुमार समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।


