सरूरपुर पुलिस ने चेकिंग के दौरान आरोपी को पकड़ा, दूसरे वाहन के नंबर से चला रहा था बाइक
सरूरपुर। सरधना-बिनौली मार्ग पर शनिवार की रात सरूरपुर पुलिस संदिग्ध लोगों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान सरूरपुर-जसड़ जाने वाले रास्ते पर पुलिस ने एक बाइक सवार को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखते ही बाइक सवार भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान राशिद पुत्र सेटू उर्फ मौहर्रम निवासी गांव पांचली बुजुर्ग के रूप में हुई।
पुलिस ने बाइक की जांच की तो उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी मिली। ई-चालान एप से नंबर की जांच करने पर नंबर किसी दूसरे वाहन का निकला। इसके बाद इंजन और चेसिस नंबर के आधार पर बाइक का रिकॉर्ड चेक किया गया। जांच में मोटरसाइकिल पांचली बुजुर्ग निवासी गुरदीप पुत्र रामचंद्र के नाम पंजीकृत मिली। पुलिस ने वाहन स्वामी से संपर्क किया तो उसने बताया कि उसकी जानकारी के बिना बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट लगाई गई थी।
पुलिस ने बाइक और फर्जी नंबर प्लेट कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ सरूरपुर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश किया गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल और फर्जी नंबर प्लेट बरामद की है। कार्रवाई करने वाली टीम में थाना प्रभारी गौरव सिंह, उपनिरीक्षक सुभाष सिंह, कांस्टेबल सुमित कुमार, कांस्टेबल विश्वदीप और रिजर्व कांस्टेबल विष्णुकांत शामिल रहे।


