cbamazon
उत्तर प्रदेश

दो लाख की मांग और दुष्कर्म के मुकदमे की धमकी, युवक की मौत के मामले में महिला गिरफ्तार

दो लाख की मांग और दुष्कर्म के मुकदमे की धमकी, युवक की मौत के मामले में महिला गिरफ्तार

ब्लैकमेलिंग कर रकम मांगने का आरोप, मानसिक दबाव के बाद युवक ने खुद को मारी थी गोली; उपचार के दौरान हुई मौत

 

 

सरधना। दो लाख रुपये की मांग करने और रुपये नहीं देने पर दुष्कर्म के मुकदमे में फंसाने की धमकी देने के आरोप में सरधना पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, महिला समेत अन्य लोगों पर 22 वर्षीय युवक को मानसिक रूप से परेशान करने का आरोप है। युवक ने खुद को गोली मार ली थी और उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।

पुलिस के अनुसार, मोहल्ला जोगियान निवासी आमिल पुत्र सैफुद्दीन ने 25 जून 2026 को थाने में तहरीर दी थी। इसमें आरोप लगाया गया कि उसके भाई साकिब की अजमा पुत्री इरशाद निवासी सिटी गार्डन, लिसाड़ी रोड, मेरठ से बातचीत और मुलाकात होती थी। आरोप है कि इसके बाद अजमा, उसकी बहनें नजमा और उजमा, मां मीना, भाई दानिश तथा बहनोई रिहान ने साकिब से दो लाख रुपये की मांग की।

तहरीर में आरोप लगाया गया कि रुपये देने में असमर्थता जताने पर दुष्कर्म का झूठा मुकदमा दर्ज कराने की धमकी दी गई। रुपये देने से इनकार करने के बाद नजमा की ओर से 10 जून को ब्रह्मपुरी थाने में साकिब, कामिल और आमिल के खिलाफ दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कराया गया।

आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी साकिब और उसके परिवार पर दो लाख रुपये देने के लिए दबाव बनाया जाता रहा। पुलिस के मुताबिक, मानसिक दबाव के चलते साकिब ने खुद को गोली मार ली। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

मामले में सरधना थाने में मुकदमा अपराध संख्या 468/2026 धारा 308(7) और 108 बीएनएस के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई थी। पुलिस ने सात सितंबर को नजमा पुत्री इरशाद निवासी डी-ब्लॉक, अंजुम पैलेस के पीछे, सिटी गार्डन, थाना ब्रह्मपुरी मेरठ को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, उसे अंजुम पैलेस से गिरफ्तार किया गया। आरोपी महिला के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है।