डीएम ने नगर निगम और सभी नगर निकायों को भवन चिह्नित करने के दिए निर्देश,मालिकों को नोटिस देकर होगी कार्रवाई
बुलन्द संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ।दिल्ली में पीजी की इमारत गिरने के हादसे के बाद मेरठ प्रशासन ने भी जर्जर और खतरनाक भवनों को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। जिले में ऐसे सभी भवनों को चिह्नित किया जाएगा, जिनकी हालत खराब है और जिनसे लोगों की जान-माल को खतरा हो सकता है।
डीएम डॉ. वीके सिंह ने नगर आयुक्त समेत जिले की सभी नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र और वार्ड में जर्जर भवनों की पहचान करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों और कर्मचारियों को मौके पर जाकर भवनों की स्थिति का जायजा लेने के लिए कहा गया है।
प्रशासन खासतौर पर उन भवनों को चिह्नित करेगा, जिनकी दीवारें, छत या भवन का कोई अन्य हिस्सा कमजोर हो चुका है और जिनके गिरने की आशंका है। ऐसे भवनों की स्थिति का
आकलन कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
मालिकों को जारी होगा नोटिस
जर्जर या खतरनाक भवन मिलने पर संबंधित मालिक को नोटिस दिया जाएगा। इसमें भवन की स्थिति की जानकारी देकर जरूरी सुधार या अन्य कार्रवाई करने के निर्देश दिए जाएंगे। भवन की स्थिति के अनुसार नियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
डीएम ने बताया कि नगर निगम स्तर पर भी जर्जर भवनों को चिह्नित करने की कार्रवाई की जा रही है। इस संबंध में नगर आयुक्त से बातचीत हो चुकी है। नगर निगम और सभी नगर निकायों को समय रहते खतरनाक भवनों पर कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी संभावित हादसे को रोका जा सके।


