हस्तिनापुर के दूधली खादर में छापा, गोल्ड फ्लैक के नकली रैपर और मशीनें बरामद
हस्तिनापुर। डेयरी चलाने के नाम पर किराये के भवन में नकली सिगरेट बनाने का कारोबार चल रहा था। हस्तिनापुर पुलिस ने दूधली खादर गांव में छापा मारकर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मौके से भारी मात्रा में तैयार और अधबनी सिगरेट, नकली रैपर, फिल्टर और सिगरेट बनाने की मशीनें बरामद हुई हैं।पुलिस के अनुसार, दूधली खादर में एक भवन को डेयरी संचालन के लिए किराये पर लिया गया था। इसी भवन में गोल्ड फ्लैक ब्रांड की नकली सिगरेट तैयार की जा रही थी। इसके लिए कंपनी के नाम के नकली रैपर भी तैयार किए जा रहे थे। तैयार सिगरेट को अलग-अलग स्थानों पर सप्लाई किया जाता था। जांच में इकाई का कोई वैध जीएसटी पंजीकरण या लाइसेंस भी नहीं मिला।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने शुक्रवार को कार्रवाई करते हुए रवि किशोर (52) पुत्र मनसुख लाल निवासी नेहरू नगर, दक्षिणी दिल्ली को गिरफ्तार किया।पुलिस ने फैक्टरी परिसर से 94 कार्टन तैयार गोल्ड फ्लैक प्रीमियम सिगरेट, 13 कार्टन खुली सिगरेट, 19 कार्टन गोल्ड फ्लैक रोल, 124 कार्टन गोल्ड फ्लैक ब्लैक, 15 आउटर रोल रैपर के कार्टन और तीन कार्टन फिल्टर बरामद किए। इसके अलावा सिगरेट बनाने वाली ऑटोमैटिक मशीनें भी मिली हैं।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना हस्तिनापुर में बीएनएस की संबंधित धाराओं और कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।


