यूपी स्टार्टअप संवाद 3.0 में मिला सम्मान, 100 से अधिक स्टार्टअप्स को दे रहा मार्गदर्शन
बुलन्द संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ। नवाचार और स्टार्टअप के क्षेत्र में मेरठ ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। लखनऊ में आयोजित यूपी स्टार्टअप संवाद 3.0 में एमआईईटी इनक्यूबेशन फोरम को ‘बेस्ट प्रॉमिसिंग इनक्यूबेटर 2026’ अवार्ड से सम्मानित किया गया। यह सम्मान प्रदेश में स्टार्टअप एवं उद्यमिता के क्षेत्र में फोरम के उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया।डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम प्राविधिक विश्वविद्यालय के इनोवेशन हब यूपी द्वारा आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश में नवाचार, उद्यमिता, निवेश और स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करना रहा। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, अटल इनोवेशन मिशन के मिशन निदेशक दीपक बागला, प्राविधिक शिक्षा विभाग की महानिदेशक एवं सचिव सेल्वा कुमारी जे., यूपी इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक हिमांशु कौशिक, एकेटीयू के कुलपति प्रो. जेपी पांडेय सहित कई प्रमुख अतिथि मौजूद रहे।मेरठ की ओर से एमआईईटी के कैंपस निदेशक प्रो. डॉ. संजय कुमार सिंह और एमआईईटी इनक्यूबेशन फोरम के सीईओ रेहान अहमद ने यह सम्मान प्राप्त किया।प्रो. डॉ. संजय कुमार सिंह ने कहा कि संस्थान युवाओं में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि एमआईईटी इनक्यूबेशन फोरम के साथ 100 से अधिक स्टार्टअप्स जुड़े हैं, जिन्हें नवाचार, उद्यम विकास और बेहतर अवसरों के लिए मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि युवा उद्यमियों के प्रयासों को मजबूती देकर विकसित भारत 2047 के लक्ष्य में योगदान देना संस्थान की प्राथमिकता है।फोरम के सीईओ रेहान अहमद ने कहा कि युवाओं और नवोदित उद्यमियों को बेहतर मार्गदर्शन, संसाधन और सहयोग उपलब्ध कराना फोरम का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि संस्था उत्तर प्रदेश के स्टार्टअप इकोसिस्टम को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है।इस उपलब्धि पर संस्थान के चेयरमैन विष्णु शरण, वाइस चेयरमैन गौरव अग्रवाल और बरखा अग्रवाल ने एमआईईटी इनक्यूबेशन फोरम की पूरी टीम को बधाई दी।


