51 दीप जलाकर देश की प्रगति और प्रधानमंत्री के स्वस्थ जीवन की कामना की, विद्यार्थियों ने दी देशभक्ति की प्रस्तुतियां
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
मेरठ। एमएसबी इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को भगवान विश्वकर्मा जयंती और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय शिक्षण मंडल के प्रांत मंत्री डॉ. प्रदीप शर्मा और अतिथि डॉ. आशीष त्यागी रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान विश्वकर्मा के पूजन और दीप प्रज्वलन से हुआ। मुख्य अतिथियों ने 51 दीप जलाकर देश की समृद्धि और प्रगति की कामना की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की मंगलकामना की गई।
इस दौरान विद्यालय प्रबंधन, प्रधानाचार्य, शिक्षक और विद्यार्थियों ने भगवान विश्वकर्मा को नमन किया। वक्ताओं ने भगवान विश्वकर्मा को सृजन, निर्माण और कौशल का प्रतीक बताते हुए विद्यार्थियों से परिश्रम, अनुशासन और रचनात्मकता को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
एमएसबी ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर डॉ. राजीव कुमार भारद्वाज ने कहा कि भगवान विश्वकर्मा के आदर्श विद्यार्थियों को कौशल और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं।
चेयरमैन अजय भारद्वाज भराला ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में चल रहे आत्मनिर्भर भारत, स्वच्छ भारत, डिजिटल इंडिया और विकसित भारत जैसे अभियानों का उल्लेख किया। उन्होंने विद्यार्थियों से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से जुड़ी प्रस्तुतियां दीं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन और राष्ट्रसेवा से जुड़े विचार भी साझा किए। 51 दीपों से विद्यालय परिसर में भक्तिमय और देशभक्ति का वातावरण बना रहा।
अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों को भगवान विश्वकर्मा के आदर्शों को अपनाने तथा राष्ट्र के विकास में योगदान देने का संकल्प दिलाया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।


