कंकरखेड़ा पुलिस और स्वाट टीम ने तीन आरोपियों को पकड़ा, दो तमंचे, कारतूस, 15 हजार रुपये और बाइक बरामद
मेरठ। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में एटीएम पर हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा करने का दावा किया है। कंकरखेड़ा पुलिस और स्वाट टीम नगर की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस की आरोपियों से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि उसके साथी को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में पुलिस ने घटना से जुड़े एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपियों के कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, 15 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, चार सितंबर को कंकरखेड़ा क्षेत्र में एटीएम पर एक व्यक्ति से लूट की घटना हुई थी। मामले में कंकरखेड़ा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस और स्वाट टीम लगातार दबिश दे रही थी।
रविवार को कंकरखेड़ा पुलिस और स्वाट टीम नगर मेरठ-शामली रोड पर संदिग्ध वाहनों और लोगों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध पुलिस को दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया तो वे बाइक मोड़कर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो पीछे बैठे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस के अनुसार, आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में आरोपी विपिन के बाएं पैर में गोली लगी। उसके साथी लुकमान को पुलिस ने मौके से पकड़ लिया।
घायल विपिन को उपचार के लिए पीएल शर्मा जिला अस्पताल भेजा गया। मौके पर एफएसएल टीम को बुलाकर आवश्यक कार्रवाई कराई गई।
पुलिस ने विपिन और लुकमान के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्प्लेंडर बाइक, एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और लूट से संबंधित 10 हजार रुपये बरामद करने की बात कही है।
इसके बाद पुलिस ने रात में कार्रवाई करते हुए घटना से जुड़े तीसरे आरोपी अंकुर को जेबरी पुल के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, एक जिंदा कारतूस और लूट से संबंधित पांच हजार रुपये बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विपिन पुत्र रामपाल निवासी बनत, थाना आदर्श मंडी, शामली, लुकमान पुत्र दीन मोहम्मद निवासी बनत और अंकुर पुत्र राजेंद्र निवासी लक्ष्मी विहार, कंकरखेड़ा मेरठ के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


