cbamazon
उत्तर प्रदेश

गांधी जयंती पर होगी पर्यावरण चित्रकला प्रतियोगिता

गांधी जयंती पर होगी पर्यावरण चित्रकला प्रतियोगिता

पर्यावरण धर्म समिति की बैठक में कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा, विजेताओं को साइकिल देकर किया जाएगा सम्मानित

सरधना।पर्यावरण धर्म समिति की बैठक समिति के उपाध्यक्ष शाहवेज अंसारी के आवास पर हुई। इसमें गांधी जयंती के अवसर पर दो अक्तूबर को आयोजित होने वाली पर्यावरण चित्रकला प्रतियोगिता की तैयारियों पर चर्चा की गई। साथ ही कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों के चयन को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक की अध्यक्षता समिति अध्यक्ष जितेंद्र पांचाल एडवोकेट ने की और संचालन समिति सचिव मनमोहन त्यागी ने किया। समिति अध्यक्ष एवं कार्यक्रम नियंत्रक जितेंद्र पांचाल ने कहा कि पर्यावरण चित्रकला प्रतियोगिता विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देती है। प्रतियोगिता में हर वर्ष बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हिस्सा लेते हैं।

उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना और उनकी रचनात्मक प्रतिभा को प्रोत्साहित करना है। प्रतियोगिता के विजेताओं को संस्था की ओर से प्रथम पुरस्कार के रूप में साइकिल देकर सम्मानित किया जाएगा।

बैठक में कार्यक्रम में पर्यावरणविदों और विषय विशेषज्ञों को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। समिति पदाधिकारियों ने प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए तैयारियों को समय से पूरा करने पर जोर दिया।

इस दौरान आगा अली शाह, नरेश कुशवाहा एडवोकेट, ठाकुर सुरेंद्र सिंह, जीशान कुरैशी, एसए बेताब, डॉ. रविंद्र सिंह एडवोकेट, प्रवीण कुमार, संयम पांचाल, खालिद अली, सलीम दीवाना, डॉ. ताहिर हनफी सहित अन्य लोग मौजूद रहे।