cbamazon
उत्तर प्रदेश

गन्ना मूल्य 600 रुपये करने की मांग, भाकियू आंदोलन की तैयारी में

गन्ना मूल्य 600 रुपये करने की मांग, भाकियू आंदोलन की तैयारी में

भोला झाल पर हुई प्रशिक्षण बैठक में सदर और सरधना तहसील के 120 गांवों के पदाधिकारी जुटे, किसान समस्याओं पर बनी रणनीति

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

मेरठ। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) की जनपदीय प्रशिक्षण बैठक भोला झाल पर आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता जगपाल जाटोली ने की, जबकि जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी मुख्य प्रशिक्षक रहे। इसमें सदर और सरधना तहसील क्षेत्र के करीब 120 गांवों के ग्राम अध्यक्ष और संगठन के पदाधिकारी शामिल हुए।

बैठक में संगठन के विस्तार और किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि मंडलायुक्त की अध्यक्षता में हुई बैठक में अधिकारियों ने किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए दो सप्ताह का समय मांगा था। एक सप्ताह बीत चुका है। यदि तय समय में समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो भाकियू दोबारा आंदोलन करेगी।

उन्होंने बताया कि बिजली कनेक्शन के लोड से संबंधित जांच कराने वाले किसान अपना कनेक्शन नंबर और नाम तहसील अध्यक्ष मोनू टिकरी और देशपाल के माध्यम से जमा करा सकते हैं। खाद समितियों में अधिक ब्याज वसूली से संबंधित दस्तावेज भी संगठन को उपलब्ध कराने को कहा गया।

गन्ना मूल्य 600 रुपये करने की मांग

जिलाध्यक्ष ने सरकार से पेराई सत्र शुरू होने से पहले गन्ने का मूल्य 600 रुपये घोषित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को राहत देने के लिए मूल्य बढ़ाया जाना जरूरी है। बैठक में किसानों ने मांग पूरी नहीं होने पर खेत आंदोलन, रेल रोको आंदोलन और कलेक्ट्रेट पर अनिश्चितकालीन धरना देने की रणनीति पर भी चर्चा की। कुछ समय के लिए 72 घंटे के सांकेतिक आंदोलन का विकल्प भी रखा गया।

पदनाम के इस्तेमाल पर जताई आपत्ति

बैठक में जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने संगठन में पदनाम के दुरुपयोग को लेकर भी स्थिति स्पष्ट की। उन्होंने कहा कि जिले में प्रेस प्रवक्ता या मीडिया प्रभारी के पद पर किसी की नियुक्ति नहीं है। उन्होंने ऐसे पदनाम का इस्तेमाल करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि दुरुपयोग किए जाने पर संगठन कानूनी कार्रवाई के लिए मजबूर होगा।

बैठक में मोनू टिकरी, बबलू, मेजर, रामफल, हरीश, अनुज, सुरेंद्र, देशपाल, रामबोस, विनैश, बिट्टू, हरबीर और वीरपाल सहित कई किसान व संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे।