सरधना थाना परिसर में हुई शांति समिति की बैठक, बड़े डीजे और नशे में उत्पात पर रहेगी पुलिस की नजर
बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरधना। गणेश महोत्सव को लेकर शनिवार को थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में गणेश प्रतिमा स्थापना और विसर्जन यात्राओं को लेकर कार्यक्रम और व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई। नगर में निकलने वाली दो प्रमुख विसर्जन यात्राएं अलग-अलग तिथियों पर निकालने पर सहमति बनी। पुलिस-प्रशासन ने आयोजकों से शांतिपूर्ण तरीके से आयोजन संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।
बैठक में तय हुआ कि हिंद युवा संगठन की विसर्जन यात्रा 14 सितंबर को दोपहर 12 बजे से शाम पांच बजे तक निकाली जाएगी। यात्रा में वृंदावन की डस्कॉन मंडली शामिल रहेगी। वहीं त्यागियान शिव मंदिर की विसर्जन यात्रा 16 सितंबर को शाम सात बजे तक स्थापना स्थल से गंगनहर तक निकाली जाएगी। इस यात्रा में दो डीजे की अनुमति रहेगी।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि विसर्जन यात्राओं में बड़े डीजे नहीं लगाए जाएंगे। साथ ही वाइब्रेशन मोड का इस्तेमाल भी नहीं किया जाएगा। जुलूस के दौरान नशे की हालत में उत्पात करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से ऐसे लोगों पर नजर रखने के लिए पहले से अभियान चलाने की बात कही गई।
बैठक में बताया गया कि गणेश प्रतिमाओं की स्थापना की प्रक्रिया 14 सितंबर को गंगनहर और थाना सरधना से संबंधित प्रतिमा स्थापना स्थलों पर शुरू होगी। आयोजन के दौरान पुलिस सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर आवश्यक इंतजाम करेगी।
थाना प्रभारी दिनेश प्रताप सिंह ने लोगों से शांतिपूर्ण और आपसी भाईचारे के साथ गणेश महोत्सव मनाने की अपील की। उन्होंने आयोजकों को स्पष्ट किया कि त्योहार की आड़ में किसी भी तरह की अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सूर्यदेव त्यागी, नदीम कुरैशी, अजीम सैफी, ऐनुदीन शाह, पंकज जैन, सुहैल कुरैशी, डॉ. ओंकार पुंडीर, दीपक शर्मा, ललित गुप्ता, पिंकी सोम सहित अन्य लोग मौजूद रहे।


