cbamazon
उत्तर प्रदेश

ईओ ने कदीम स्कूल का किया औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश

ईओ ने कदीम स्कूल का किया औचक निरीक्षण, सफाई व्यवस्था सुधारने के निर्देश

बच्चों से पढ़ाई को लेकर की बातचीत, टॉफी और पेंसिल बॉक्स देकर बढ़ाया उत्साह

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

सरधना। नगर पालिका परिषद की अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने मंगलवार को चर्च रोड स्थित कम्पोजिट विद्यालय (कदीम स्कूल) का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय परिसर में साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, रसोईघर, खेल मैदान समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान ईओ ने सफाई नायकों को विद्यालय परिसर की नियमित सफाई और चूना छिड़काव कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यालय के आसपास नालों की तत्काल सफाई कराने को भी कहा, ताकि बच्चों को साफ और सुरक्षित वातावरण मिल सके।

ईओ ने विभिन्न कक्षाओं में जाकर बच्चों से बातचीत की और पढ़ाई से जुड़े सवाल पूछे। उन्होंने बच्चों की उपस्थिति, पाठ्य पुस्तकों, यूनिफॉर्म, मिड-डे मील की गुणवत्ता और बैठने की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। इसके अलावा बिजली, पंखे और अन्य मूलभूत सुविधाओं की स्थिति भी देखी। प्रधानाचार्य और शिक्षकों से शिक्षण कार्य तथा छात्र संख्या की जानकारी ली गई।

बच्चों का उत्साह बढ़ाने के लिए अधिशासी अधिकारी ने उन्हें टॉफी और पेंसिल बॉक्स वितरित किए। उन्होंने बच्चों को नियमित स्कूल आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने आसपास साफ-सफाई रखने के लिए प्रेरित किया।

दीपिका शुक्ला ने कहा कि स्वच्छ वातावरण बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए जरूरी है। विद्यालय में किसी मूलभूत सुविधा की कमी होने पर तत्काल नगर पालिका को सूचना देने के निर्देश विद्यालय प्रबंधन को दिए गए, ताकि समस्या का जल्द समाधान कराया जा सके।

निरीक्षण के दौरान नगर पालिका के मनीष कुमार, सफाई पटल प्रभारी सोहनवीर सिंह, टैक्स प्रभारी अमित कुमार चौटाला, मोहन कुमार, कार्यवाहक सफाई नायक अर्जुन सिंह, हरपाल सिंह समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे।