cbamazon
उत्तर प्रदेश

जुमे की नमाज को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी देहात ने सरधना में किया पैदल मार्च

जुमे की नमाज को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी देहात ने सरधना में किया पैदल मार्च

सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा, स्थानीय लोगों से संवाद कर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील

बुलंद संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी 

सरधना। जुमे की नमाज को लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। शुक्रवार को एसपी देहात अभिजीत कुमार, सरधना सीओ आशुतोष कुमार और इंस्पेक्टर दिनेश प्रताप सिंह ने थाना सरधना क्षेत्र में पुलिस बल के साथ पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान अधिकारियों ने प्रमुख स्थानों और नमाज स्थलों के आसपास की व्यवस्था देखी तथा पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पैदल मार्च के दौरान अधिकारियों ने क्षेत्र में तैनात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी की जानकारी ली। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी जानकारी जुटाई गई। अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों से कहा कि क्षेत्र में लगातार भ्रमण करते रहें और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तत्काल कार्रवाई करें।

एसपी देहात अभिजीत कुमार, सीओ आशुतोष कुमार और इंस्पेक्टर दिनेश प्रताप सिंह ने स्थानीय जिम्मेदार लोगों से भी बातचीत की। अधिकारियों ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और शांति एवं सौहार्द के माहौल में जुमे की नमाज अदा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी लोग अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी तरह की भ्रामक सूचना मिलने पर उसे आगे प्रसारित करने के बजाय पुलिस को जानकारी दें।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है। किसी भी व्यक्ति को माहौल खराब करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर रहेगी और भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

पैदल मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों ने लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और सुरक्षा संबंधी जानकारी भी ली। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से पुलिस का सहयोग करने की अपील की।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जुमे की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस की सतर्कता और लगातार गश्त के चलते क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का माहौल बनाए रखने पर जोर दिया गया।