cbamazon
उत्तर प्रदेश

जानी में पुलिस मुठभेड़, गौकशी के दो आरोपी गिरफ्तार

जानी में पुलिस मुठभेड़, गौकशी के दो आरोपी गिरफ्तार

मेरठ। थाना जानी पुलिस ने गौकशी के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ के दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके साथी को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, सोमवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि गौकशी के मामले में वांछित मोहम्मद अहमद और समीर टिमकिया कोठी क्षेत्र में गौकशी की घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों की घेराबंदी की।

पुलिस का कहना है कि पकड़ने का प्रयास करने पर आरोपियों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मोहम्मद अहमद के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जबकि उसके साथी समीर को भी गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक जीवित गाय, दो अवैध तमंचे, चार खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस और गौकशी में प्रयुक्त उपकरण बरामद करने का दावा किया है। दोनों आरोपी थाना जानी में दर्ज गौवध अधिनियम के मुकदमे में वांछित चल रहे थे।

पुलिस के मुताबिक घायल आरोपी मोहम्मद अहमद के खिलाफ हापुड़ और मुजफ्फरनगर समेत विभिन्न थानों में कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।