cbamazon
उत्तर प्रदेश

जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद, चौकीदार को लाठी-डंडों से पीटा

जमीन पर कब्जे को लेकर विवाद, चौकीदार को लाठी-डंडों से पीटा

सरूरपुर। हर्रा गांव में जमीन के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने खेत में घुसकर चौकीदार के साथ मारपीट कर दी। आरोप है कि हमलावरों ने चौकीदार को लाठी-डंडों से पीटा और खेत में खड़े ट्रैक्टर, बाइक व कुर्सी तोड़ दी। जाते समय आरोपियों ने खेत खाली नहीं करने पर जान से मारने की धमकी भी दी।

हर्रा निवासी मोहम्मद ने सरूरपुर थाने में दी तहरीर में बताया कि ताहिर प्रधान की डेयरी के पास उसका खेत है, जहां प्लाटिंग का काम चल रहा है। खेत की निगरानी के लिए फलावदा निवासी देवेंद्र चौकीदार के रूप में रहता है।

आरोप है कि चार सितंबर को दोपहर करीब दो बजे रिजवान पुत्र तैमूर, रियासत पुत्र लियाकत, तौहीद पुत्र फरमूद और उनके कुछ साथी खेत पर पहुंचे। आरोपियों ने जमीन पर अपना हक जताते हुए विवाद शुरू कर दिया। इसके बाद देवेंद्र के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की और गाली-गलौज करते हुए खेत खाली करने को कहा। आरोप है कि इस दौरान ट्रैक्टर, बाइक और कुर्सी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।

घटना की सूचना मिलने पर मोहम्मद मौके पर पहुंचे और घायल चौकीदार को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।