104 शोभायात्राओं और 303 मंदिरों में कार्यक्रमों को लेकर पुलिस ने किए व्यापक इंतजाम
संवाददाता जावेद अब्बासी
मेरठ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मद्देनजर मेरठ परिक्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। चार सितंबर को होने वाले पर्व को लेकर मेरठ, बुलंदशहर, बागपत और हापुड़ में करीब 3500 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। सुरक्षा के लिए 24 जोन, 81 सेक्टर और 60 क्यूआरटी बनाई गई हैं।डीआईजी कलानिधि नैथानी के निर्देश पर सभी जिलों में शोभायात्राओं, मंदिरों और मेलों को लेकर विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गई है। परिक्षेत्र में कुल 104 शोभायात्राएं प्रस्तावित हैं। इनमें मेरठ में 14, बुलंदशहर में 36, बागपत में 28 और हापुड़ में 26 शोभायात्राएं शामिल हैं।शोभायात्रा मार्गों पर 39 संवेदनशील स्थान चिन्हित किए गए हैं। वहीं मेरठ समेत चारों जिलों के 303 मंदिरों में जन्माष्टमी के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। इसके अलावा 28 अन्य कार्यक्रम और भंडारे भी आयोजित होंगे।
83 एंटी रोमियो स्क्वॉड रहेंगे सक्रिय
महिलाओं की सुरक्षा और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में निगरानी के लिए 83 एंटी रोमियो स्क्वॉड सक्रिय किए गए हैं। पुलिस ने पीस कमेटी, धर्मगुरुओं और संभ्रांत लोगों के साथ 118 बैठकें की हैं। विभिन्न विभागों के साथ 108 और कार्यक्रम आयोजकों के साथ 106 बैठकें भी की जा चुकी हैं।
मटकी फोड़ कार्यक्रम पर रहेगी विशेष नजर
पुलिस अधिकारियों ने मटकी फोड़ कार्यक्रमों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए हैं। आयोजकों से सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम, जैसे जाल लगाने आदि की व्यवस्था कराने को कहा गया है। मंदिरों और कार्यक्रम स्थलों पर महिला व पुरुष पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती रहेगी।
संवेदनशील इलाकों में विशेष सतर्कता
मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। शोभायात्रा मार्गों का थाना प्रभारी और क्षेत्राधिकारी पहले से निरीक्षण करेंगे। बिजली विभाग के सहयोग से मार्ग में लटक रहे बिजली के तारों को ठीक कराया जाएगा। भीड़ वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग और यातायात व्यवस्था के इंतजाम किए जाएंगे।डीआईजी ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि किसी नई या विवादित परंपरा को अनुमति न दी जाए। सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट पर भी नजर रखी जाएगी। अफवाह फैलाने वालों और माहौल बिगाड़ने का प्रयास करने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।पुलिस अधिकारियों ने आयोजकों से सीसीटीवी कैमरे लगवाने और पहले से लगे कैमरों की जांच कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी प्रमुख कार्यक्रमों की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी कराने को कहा गया है। अधिकारियों ने छोटी से छोटी सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।


