जन्माष्टमी पर मेरठ में सुरक्षा कड़ी, मंदिरों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग
मेरठ। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व को लेकर मेरठ पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मेरठ के निर्देश पर शुक्रवार को AS/BDDS टीमों ने मंदिरों, मेलों, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, होटलों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया।
चेकिंग के दौरान रेलवे रोड, सिविल लाइन, लालकुर्ती, मेडिकल, नौचंदी, ब्रह्मपुरी, परतापुर, टीपीनगर, देहली गेट, कोतवाली, लोहियानगर और लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्रों में पुलिस और स्थानीय अभिसूचना इकाई के साथ टीमों ने जांच की।
रेलवे रोड क्षेत्र में सिटी रेलवे स्टेशन और बाबा विश्वनाथ मंदिर, सदर बाजार में औघड़नाथ मंदिर और भैंसाली बस स्टैंड, जबकि कोतवाली क्षेत्र में हनुमान मंदिर, सनातन धर्म मंदिर बुढ़ाना गेट और देहली गेट क्षेत्र में खाटू श्याम मंदिर व मेले की चेकिंग की गई।इसके अलावा लालकुर्ती के बड़ा बाजार स्थित राम संकीर्तन मंदिर और होटल 22B, सिविल लाइन के गोपाल कृष्ण मंदिर व मेले, लोहियानगर के एल-ब्लॉक शिव मंदिर पार्क, लिसाड़ी गेट के प्राचीन सिद्धपीठ मंदिर, टीपीनगर क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले स्थानों, होटल हायफिन, शॉप्रिक्स मॉल और होटल कन्वे की भी जांच की गई।पुलिस लाइन स्थित बहुउद्देशीय हॉल और मंदिर परिसर में भी सुरक्षा के मद्देनजर चेकिंग की गई। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं और स्थानों की गहनता से जांच की गई।चेकिंग के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या गतिविधि नहीं मिली। सभी स्थानों पर स्थिति सामान्य पाई गई। पुलिस ने जन्माष्टमी पर्व के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए चेकिंग अभियान जारी रखने की बात कही है।


