छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बांधा समां, शिक्षकों को दिए उपहार
बुलन्द संदेश ब्यूरो:जावेद अब्बासी
सरधना। के.के. पब्लिक स्कूल में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्कूल मैनेजर सुशील कुमार, सचिव संजीव कुमार और प्रधानाचार्य डॉ. उत्तम सिंह ने मां सरस्वती और पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर पुष्पमाला अर्पित कर की।इसके बाद विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं और छात्र-छात्राओं ने भी दोनों महापुरुषों को नमन किया। छात्र-छात्राओं ने समूह नृत्य की प्रस्तुति देकर शिक्षकों के प्रति अपनी भावनाएं व्यक्त कीं। विद्यार्थियों ने शिक्षक दिवस के महत्व पर सुंदर भाषण भी दिए।कार्यक्रम में शिक्षकों ने विद्यालय में अपने अनुभव साझा किए और काव्य पाठ भी किया। कार्यक्रम का संचालन अध्यापिका चंद्रकांता ने किया।विद्यालय प्रबंधन की ओर से सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही सभी के लिए लंच की व्यवस्था की गई।इस अवसर पर मैनेजर सुशील कुमार, सचिव संजीव कुमार और प्रधानाचार्य डॉ. उत्तम सिंह ने कहा कि शिक्षक का व्यवहार ऐसा होना चाहिए, जिससे विद्यार्थी और समाज के अन्य लोग भी उनसे प्रेरणा ले सकें। उन्होंने सभी को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं।


