बुलन्द संदेश ब्यूरो
बरेली ( सय्यद शहाबुद्दीन) ; हर साल की तरह इस वर्ष भी सरकार शाहदाना वली के सालाना उर्स-ए-पाक को लेकर शनिवार को दरगाह परिसर में उर्स का पोस्टर जारी किया गया। इस दौरान उर्स की तैयारियों और कार्यक्रम के संबंध में दरगाह के मुतवल्ली अब्दुल वाजिद खां नूरी बब्बू मियां ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार शाहदाना वली का सालाना उर्स-ए-पाक 13 सितम्बर से शुरू होकर 19 सितम्बर तक चलेगा। उर्स को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं तथा कमेटी गठित कर सदस्यों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं।
मीडिया प्रभारी वसी अहमद वारसी ने बताया कि सरकार शाहदाना वली के चाहने वाले देश-विदेश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में उर्स में शिरकत करने पहुंचते हैं। जायरीनों की सुविधा को देखते हुए उन्होंने पुलिस प्रशासन से पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था कराने, सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा बिजली-पानी की समुचित व्यवस्था कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि दरगाह के आसपास खराब सड़कों को उर्स से पहले ठीक कराया जाए। साथ ही शामतगंज पुल के नीचे खराब मरकरी/लाइटों को जल्द बदलवाया जाए, ताकि जायरीनों को किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने प्रशासन से उर्स से पहले सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने की मांग की। पोस्टर जारी करने के कार्यक्रम में वसी अहमद, यूसुफ इब्राहिम, गफूर पहलवान, मिर्जा शाहाब बेग, तौसीफ खां, मौलाना अलाउद्दीन नूरी, अकरम अली वारसी, अब्दुल सबूर, शीरोज, सैफ कुरैशी, शान खां, सईद खां, मुकर्रम बेग, सलमान शम्शी, परवेज खां, जावेद खां, गुल्लन खान, भूरा साबरी, सलीम रजा, अदनान खां सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


